Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड देहरादून द्वारा संचालित ऑपरेशन प्रहार के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपदभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली श्रीनगर पुलिस ने काली फिल्म लगी कार पर कार्रवाई करते हुए वाहन का चालान किया। क्षेत्राधिकारी श्रीनगर के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीनगर के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों तथा सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों पर विशेष नजर रखी गई। चेकिंग के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार में काली फिल्म लगी पाई गई। वाहन में बैठे कुछ युवक सड़क पर न्यूसेंस फैलाते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को रोक लिया और जांच की। जांच के दौरान वाहन में नियमों के विरुद्ध काली फिल्म लगी मिली जिसके बाद पुलिस ने मौके पर ही वाहन से काली फिल्म हटवाई और मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की। वाहन चालक की पहचान गौरव भट्ट पुत्र मुकेश भट्ट निवासी हरीनगर साउथ दिल्ली के रूप में हुई। वाहन का नंबर DL5CT0857 बताया गया है। वहीं वाहन में मौजूद अजय सिंह पुत्र गोपाल निवासी साउथ दिल्ली तथा मोहित पुत्र सोनू निवासी साउथ दिल्ली के खिलाफ भी पुलिस अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखें, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक भावना भट्ट उपनिरीक्षक वीरेंद्र बृजवाल हेड कांस्टेबल दीपक नौटियाल कांस्टेबल ताजबर सिंह कांस्टेबल राजीव तथा होमगार्ड भूपेंद्र शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp