Spread the love

प्रदीप कुमार
सिडकुल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार जनपद में वाहन चोरी और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिडकुल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए सिडकुल पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से वाहन चोरों के मंसूबों पर करारा प्रहार हुआ है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जनपदभर में अवैध गतिविधियों नशा तस्करी और वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिडकुल पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। दिनांक 14 मई 2026 को उप निरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा पुलिस टीम के साथ बहादराबाद-सिडकुल हाईवे स्थित डेन्सो चौक पर चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर अचानक बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम दिशांत कुमार पुत्र देवेंद्र कुमार निवासी ग्राम खेड़ी भोजपुरा थाना किरतपुर जनपद बिजनौर उत्तर प्रदेश हाल निवासी शिवम विहार कॉलोनी थाना सिडकुल तथा तोसीन पुत्र शमशाद निवासी ग्राम कव्वाल थाना जानसठ जनपद मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश हाल निवासी महादेवपुरम फेस-2 थाना सिडकुल बताया। पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ किए जाने पर दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि उनके कब्जे से बरामद मोटरसाइकिल कुछ दिन पहले शिवम विहार कॉलोनी क्षेत्र से चोरी की गई थी और वे उसे बेचने के लिए बिजनौर ले जा रहे थे। आगे पूछताछ में आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने चोरी की चार अन्य मोटरसाइकिलें मुंजाल शोवा कंपनी के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखी हुई हैं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर झाड़ियों से चार अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं। बरामद वाहनों में से दो मोटरसाइकिलें थाना सिडकुल और थाना रानीपुर में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से संबंधित पाई गई हैं जबकि अन्य वाहनों की जानकारी जुटाई जा रही है। एक मोटरसाइकिल के इंजन और चेचिस नंबर घिसे हुए पाए गए हैं जिसकी जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वे किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। गिरफ्तार आरोपियों में दिशांत कुमार पुत्र देवेंद्र कुमार निवासी खेड़ी भोजपुरा थाना किरतपुर जनपद बिजनौर उत्तर प्रदेश हाल निवासी शिवम विहार कॉलोनी थाना सिडकुल हरिद्वार तथा तोसीन पुत्र शमशाद निवासी ग्राम कव्वाल थाना जानसठ जनपद मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश हाल निवासी महादेवपुरम फेस-2 थाना सिडकुल हरिद्वार शामिल हैं। बरामद मोटरसाइकिलों में विभिन्न चेचिस नंबर वाली पांच बाइक शामिल हैं जिनमें से कुछ वाहन पूर्व में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित पाए गए हैं। इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी सिडकुल अजय शाह उप निरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा हेड कांस्टेबल संजय तोमर कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल दीपक दानू शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp