Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। देहरादून में सनातन धर्म के खिलाफ की गई कथित टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन के विरोध में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने लैंसडाउन चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सनातन धर्म और हिंदू संस्कृति के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कहा कि सनातन धर्म के खिलाफ किसी भी प्रकार की बयानबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल हुए और उन्होंने विरोध दर्ज कराते हुए सनातन संस्कृति के सम्मान की रक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष विपुल मेंदोली ने कहा कि उदयनिधि स्टालिन द्वारा सनातन धर्म की तुलना बीमारियों से करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि यह बयान करोड़ों लोगों की आस्था पर चोट पहुंचाने वाला है। उन्होंने कहा कि देश का युवा अब जागरूक है और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं के सम्मान की रक्षा करना भलीभांति जानता है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति और सनातन परंपरा विश्व को मानवता शांति और सहिष्णुता का संदेश देती है। ऐसे में इस प्रकार की टिप्पणियां केवल समाज में विभाजन पैदा करने का प्रयास हैं जिन्हें युवा शक्ति कभी सफल नहीं होने देगी। इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा मोर्चा हमेशा से राष्ट्रवादी विचारधारा और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए अग्रिम पंक्ति में खड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म देश की आत्मा है और उसके सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। भाजयुमो महानगर अध्यक्ष कुलदीप पंत ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए कहा कि यह विरोध प्रदर्शन केवल शुरुआत है। यदि सनातन धर्म के खिलाफ इस प्रकार की बयानबाजी जारी रही तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष प्रगति रावत प्रदेश मंत्री उत्कर्ष गुप्ता प्रदेश सह मीडिया प्रभारी मनोज गोनियल महानगर मीडिया प्रभारी अक्षत जैन प्रदेश कार्यालय मंत्री विमल चौधरी सह कार्यालय मंत्री राहुल भट्ट प्रदेश सह सोशल मीडिया प्रभारी राहुल जुयाल महानगर सह प्रभारी संजय तोमर महानगर उपाध्यक्ष वैशाली बंसल भाजपा महानगर महामंत्री संदीप मुखर्जी युवा मोर्चा महानगर महामंत्री सौरभ शर्मा विपिन कंबोज महानगर मंत्री शशांक गोसाई सुधांशु तिवारी सहित युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष महामंत्री और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp