Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल पुलिस ने मानवीय संवेदनाओं और तत्परता का परिचय देते हुए एक बिछड़े युवक को उसके परिजनों से सुरक्षित मिलाकर सराहनीय कार्य किया है। पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता के चलते युवक को सकुशल उसके परिवार तक पहुंचाया गया जिसके बाद परिजनों ने भावुक होकर टिहरी पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 14 मई 2026 को चौकी आगरा खाल क्षेत्र में एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम द्वारा युवक से पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम बालकृष्ण गर्ग पुत्र मोहनलाल गर्ग निवासी ग्राम एवं पोस्ट वीरपुर तहसील विजयपुर जिला श्योपुर मध्य प्रदेश बताया। युवक की उम्र लगभग 24 वर्ष बताई गई है। पूछताछ के दौरान युवक की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं प्रतीत होने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसकी पहचान और परिजनों के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास शुरू किया। कोतवाली नरेंद्रनगर में नियुक्त हेड कांस्टेबल पूरण सिंह ने विशेष प्रयास करते हुए युवक के परिजनों से संपर्क स्थापित किया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवक नशे की लत के कारण मानसिक रूप से अस्थिर हो गया था और बिना बताए घर से कहीं चला गया था। परिवार के सदस्य लगातार उसकी तलाश कर रहे थे और उसकी चिंता में परेशान थे। टिहरी पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने के बाद युवक के परिजन मध्य प्रदेश से थाना नरेंद्रनगर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक सत्यापन और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद युवक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने बेटे को सुरक्षित देखकर परिजन भावुक हो गए और उन्होंने टिहरी पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उत्तराखंड पुलिस के मानवीय और संवेदनशील कार्य की सराहना की। पुलिस की इस पहल को स्थानीय लोगों ने भी सराहनीय बताया। टिहरी पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और सहायता के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं के अनुरूप कार्य करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और आगे भी इसी तरह जरूरतमंद लोगों की हरसंभव सहायता की जाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp