प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में प्रत्येक बृहस्पतिवार को “नो व्हीकल डे” मनाए जाने के निर्णय के तहत आज जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी सहित जनपद मुख्यालय के दर्जनों अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने कार्यालयों तक पैदल पहुंचे। जिलाधिकारी ने बताया कि इस पहल की शुरुआत विगत वर्ष पर्यावरण संरक्षण ईंधन की बचत एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने कहा कि “नो व्हीकल डे” के माध्यम से न केवल प्रदूषण में कमी लाई जा रही है बल्कि आमजन को शारीरिक रूप से स्वस्थ एवं फिट रखने में भी यह पहल उपयोगी सिद्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को अब जनपद के सभी विकासखंडों एवं तहसील स्तर पर भी अनिवार्य रूप से लागू किया गया है ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दे सकें। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे इस अभियान को गंभीरता से अपनाते हुए प्रत्येक बृहस्पतिवार को पैदल चलने की आदत विकसित करें।
