Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक चंबा की उपस्थिति में शुक्रवार को पुलिस लाइन चंबा में फायर सर्विस नई टिहरी और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम द्वारा पुलिस कर्मियों एवं ग्राम प्रहरियों के लिए विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एलएफएम संदेश कुमार सकलानी के नेतृत्व में प्रतिभागियों को अग्नि सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। प्रशिक्षण के दौरान आग लगने के कारण, उससे बचाव के उपाय प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के सुरक्षित उपयोग गैस सिलेंडर अथवा विद्युत आग की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया तथा आग पर प्रारंभिक नियंत्रण की तकनीकों का व्यवहारिक प्रदर्शन कर प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद एसडीआरएफ और फायर सर्विस नई टिहरी की संयुक्त टीम द्वारा आपदा प्रबंधन एवं राहत-बचाव कार्यों में प्रयुक्त आधुनिक उपकरणों की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को डेमो के माध्यम से प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण में भूकंप भूस्खलन सड़क दुर्घटना और अन्य आपदाओं के दौरान त्वरित समन्वय सुरक्षित रेस्क्यू तकनीक घायलों को प्राथमिक उपचार सीपीआर प्रक्रिया तथा आपदा के समय जनसहयोग की भूमिका पर विशेष जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों और ग्राम प्रहरियों को यह भी बताया गया कि किसी भी आपदा अथवा अग्निकांड की स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं तथा सही जानकारी और प्रशिक्षण के माध्यम से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। टिहरी गढ़वाल पुलिस द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर पुलिस बल ग्राम स्तर के सुरक्षा तंत्र और आमजन को आपदा एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक और प्रशिक्षित किया जा रहा है जिससे आपात परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp