Spread the love

प्रदीप कुमार
लैंसडाउन-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशन में तथा महिला कल्याण विभाग जिला बाल संरक्षण इकाई बाल कल्याण समिति एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज लैन्सडाउन में बाल विवाह रोकथाम बाल अधिकार एवं बाल संरक्षण विषयक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 150 छात्र-छात्राओं शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में बाल विवाह के दुष्परिणाम शिक्षा के महत्व किशोर न्याय अधिनियम बाल संरक्षण सेवाओं एवं बच्चों के अधिकारों की जानकारी दी गई। बाल कल्याण समिति की सदस्य सुनीता भट्ट ने बच्चों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी जानकारियां दी। उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक मानसिक एवं सामाजिक विकास को प्रभावित करता है इसलिए इसके उन्मूलन के लिए समाज को जागरूक होना जरूरी है। कार्यक्रम में बच्चों को जागरूक संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। संरक्षण अधिकारी सागर लिंगवाल ने विभागीय योजनाओं एवं बाल संरक्षण सेवाओं की जानकारी साझा की। वहीं प्रज्ञा नैथानी ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की उपयोगिता और संकट की स्थिति में सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में बताया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य भगवती देवी एवं कैंट बोर्ड लैंसडाउन के प्रधानाचार्य राकेश यादव सहित विद्यालय शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र–छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp