Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा आमजन एवं छात्र छात्राओं को साइबर अपराध यातायात नियमों एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने हेतु निरंतर प्रभावी जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। एसएसपी श्वेता चौबे की पहल का सकारात्मक प्रभाव भी देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में थाना कीर्तिनगर पुलिस द्वारा आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज किंकलेश्वर चौरास में व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य नैन सिंह चौहान विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम द्वारा छात्र छात्राओं को साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन फ्रॉड फर्जी लिंक ओटीपी साझा करने के खतरे सोशल मीडिया अपराध साइबर बुलिंग एवं बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें। इसके अतिरिक्त छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा के लिए गौरा शक्ति ऐप के बारे में जानकारी देते हुए ऐप की सुविधाओं आपातकालीन सहायता और उपयोग प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया। पुलिस टीम ने छात्राओं को ऐप डाउनलोड कर नियमित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक करते हुए सड़क सुरक्षा हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग नाबालिग वाहन संचालन के दुष्परिणाम तथा शराब पीकर वाहन न चलाने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए बताया गया कि नशा व्यक्ति परिवार और समाज के लिए अत्यंत घातक है। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर शिक्षा खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय प्रशासन एवं छात्र छात्राओं ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान समाज के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp