Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में डिस्ट्रिक्ट्स ऐज़ एक्सपोर्ट हब योजना के अंतर्गत जनपद हरिद्वार की जिला निर्यात कार्ययोजना की समीक्षा और अद्यतन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने वर्तमान जिला निर्यात योजना की प्रगति का आकलन करते हुए आवश्यक संशोधनों और सुधारों पर विचार किया। साथ ही टेक्सटाइल सेक्टर के लिए तैयार जिला निर्यात कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया गया जिस पर संबंधित विभागों और हितधारकों से सुझाव लेकर अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया गया। बैठक के दौरान निर्यात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद में निर्यातक और संभावित एमएसएमई इकाइयों स्वयं सहायता समूहों तथा किसान उत्पादक संगठनों की पहचान को लेकर चर्चा की गई। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और अन्य विभागीय योजनाओं में निर्यात उन्मुख इकाइयों को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया।‌ बैठक में विभिन्न विभागों से निर्यात संबंधी आंकड़ों और उपयोगी सूचनाओं के संकलन लॉजिस्टिक सपोर्ट प्रमाणन ऋण सुविधा और कृषि निर्यात को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक समन्वय पर विचार-विमर्श किया गया। उद्योगों और निर्यातकों को आ रही समस्याओं तथा बाधाओं को चिन्हित कर उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में मौजूद हितधारकों ने अपने सुझाव और अनुभव साझा किए जिनका संज्ञान लेते हुए जिला निर्यात कार्ययोजना को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए हरिद्वार को निर्यात के क्षेत्र में एक सशक्त हब के रूप में विकसित करने के लिए ठोस और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र महाप्रबंधक उद्योग उत्तम कुमार तिवारी जिला परियोजना प्रबंधक संजय सक्सेना मुख्य कृषि अधिकारी गोपाल सिंह भंडारी मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह अनुज चौहान राज कुमार सुमित कुमार मनोज कुमार मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि और निर्यातक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp