Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 72 शिकायतें और समस्याएं दर्ज की गईं जिनमें से 38 का मौके पर ही निस्तारण किया गया जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए भेजा गया। जनसुनवाई में राजस्व भूमि विवाद विद्युत अतिक्रमण जलभराव पेयजल और सड़क जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं। ग्राम रोहालकी किशनपुर के निवासी पंकज यशवंत और राजेश कुमार ने ग्राम सभा की भूमि पर पड़े कूड़े-कचरे को हटाने की मांग की। शशि ने गुलाबी राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन दिया। सैनिक कॉलोनी पथरी रेलवे स्टेशन निवासी प्रवीण शर्मा ने क्षेत्र में चल रहे ट्रक और डंपरों से हो रहे ध्वनि प्रदूषण और धूल-मिट्टी की समस्या उठाई। वत्स ग्राम अत्मलपुर बौंगला निवासी नरेश कुमार शर्मा ने अपनी भूमि की पैमाइश कराने की मांग रखी। ग्राम शिवपुरी तहसील लक्सर निवासी संजो देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया। ग्राम पंचायत सजनपुर पीली की प्रधान रूबी देवी ने मस्जिद से ध्रुव चैरिटेबल हॉस्पिटल तक सड़क किनारे झाड़ियों और गंदगी की सफाई कराने की मांग की। हाईवे ग्रीन निवासी रितेश सिंह ने रामानंद कॉलेज से इक्कर पटरी मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से लगातार हो रही दुर्घटनाओं की समस्या उठाई। वहीं राजकुमार चौहान ने अत्मलपुर बौंगला और रोहालकी क्षेत्र में जलभराव के कारण करीब 1000 बीघा भूमि बेकार पड़े होने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में आने वाली सभी शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है वहां संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से मौके पर जाकर समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जो शिकायतें बार-बार जनसुनवाई में आ रही हैं उन पर संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करें। शिकायतकर्ता को दोबारा जनसुनवाई में आने की नौबत नहीं आनी चाहिए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का प्राथमिकता और गंभीरता से निस्तारण करें। उन्होंने 36 दिन से अधिक लंबित शिकायतों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। समीक्षा में पाया गया कि एल-1 स्तर पर 557 और एल-2 स्तर पर 134 शिकायतें लंबित हैं। अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से फोन पर संपर्क कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.लालित नारायण मिश्र अपर जिलाधिकारी पी.आर.चौहान मुख्य चिकित्साधिकारी आर.के.सिंह सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp