प्रदीप कुमार
केदारनाथ-रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। श्री केदारनाथ धाम यात्रा में अब तक 19 मई तक 6 लाख 94 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। इसी दौरान 19 मई की रात्रि हुई तेज बारिश के कारण सोनप्रयाग–गौरीकुंड मार्ग पर तीन स्थानों पर भूस्खलन होने से यात्रा मार्ग बाधित हो गया, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन एनडीआरएफ एसडीआरएफ पुलिस एवं अन्य राहत दल तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पूरे घटनाक्रम की निगरानी की तथा संबंधित अधिकारियों से पल-पल की जानकारी लेते हुए मार्ग को शीघ्र सुचारु करने के निर्देश दिए। प्रशासनिक टीमों ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद तत्परता दिखाते हुए लगभग 30 मिनट के भीतर मार्ग को पैदल यात्रियों के लिए आंशिक रूप से खोल दिया और यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। रातभर चले इस रेस्क्यू अभियान में यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई और लगातार निगरानी एवं राहत कार्य जारी रहे। जेसीबी मशीनों की सहायता से मलबा हटाकर मार्ग को पूरी तरह से पुनः सुचारु कर दिया गया है। वर्तमान में यात्रा मार्ग पर आवागमन सामान्य रूप से संचालित हो रहा है। जिला प्रशासन ने बताया कि उनकी त्वरित कार्रवाई और सभी विभागों के समन्वित प्रयासों के चलते एक बड़ी संभावित समस्या को टालते हुए सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाल लिया गया।
