Spread the love

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं श्रद्धालु हितैषी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचे और सोनप्रयाग से गौरीकुंड तक पैदल चलकर यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने देर रात्रि हुए लैंडस्लाइड प्रभावित क्षेत्र का भी निरीक्षण कर राहत एवं सुरक्षा कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न पड़ावों पर रुककर श्रद्धालुओं से सीधा संवाद किया और यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं पेयजल साफ-सफाई शौचालय विश्राम स्थल मेडिकल सहायता एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो रही है और सभी विभागों द्वारा लगातार सहयोग दिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने सोनप्रयाग-गौरीकुंड मार्ग पर संचालित शटल टैक्सी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और यात्रियों से उसकी उपलब्धता एवं संचालन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शटल सेवा का संचालन पूरी तरह व्यवस्थित और सुचारू रूप से किया जाए ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर सभी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित हो। संवेदनशील क्षेत्रों एवं मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने को कहा गया। जिलाधिकारी ने कहा कि चारधाम यात्रा श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और उनकी सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं ताकि यात्रा सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संचालित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *