Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर में प्रथम चरण के तहत 35 कर्मचारियों को स्थायी नियुक्ति प्रदान की गई। बुधवार को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह ने ग्रुप सी कर्मचारियों और वाहन चालकों सहित 35 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद कर्मचारियों में खुशी का माहौल देखने को मिला। गढ़वाल विश्वविद्यालय में कुल 147 दैनिक और नियत वेतनभोगी कर्मचारियों को स्थायी नियुक्ति दिए जाने की प्रक्रिया चल रही है। लंबे समय से न्यायालय में विचाराधीन इस मामले में विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद की 9 मई को आयोजित बैठक में 147 कर्मचारियों को स्थायी नियुक्ति देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि यह विश्वविद्यालय के उन सभी कर्मचारियों और अधिकारियों के संघर्ष की जीत है जिन्होंने वर्षों तक मेहनत करते हुए कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी का महत्वपूर्ण योगदान रहा जिनके प्रयासों और मध्यस्थता से केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय स्तर पर यह कार्य संभव हो पाया। कुलपति ने नियुक्त कर्मचारियों से अपेक्षा जताई कि वे विश्वविद्यालय द्वारा सौंपे गए कार्यों को पूरी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ पूरा करेंगे। उन्होंने विश्वविद्यालय में कुलसचिव वित्त अधिकारी सहित अन्य रिक्त पदों पर भी जल्द नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की बात कही। साथ ही नियुक्त कर्मचारियों के लिए कर्मयोगी प्रशिक्षण आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कुलसचिव प्रो.वाईपी रैवानी को शिक्षक संवर्ग के रोस्टर से संबंधित कार्य जल्द पूरा कर विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए। कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो.वाईपी रैवानी वित्त अधिकारी डॉ.अजय कुमार मोहंती,डीन पदोन्नति एवं भर्ती प्रो.एमएस पंवार परीक्षा नियंत्रक डॉ.गौतम वीर,राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो.एमएम सेमवाल एसआरटी परिसर के निदेशक प्रो.एए बौडाई मुख्य नियंता प्रो.दीपक कुमार डीएसडब्ल्यू प्रो.ओपी गुसांई प्रो.एचबीएस चौहान सहायक कुलसचिव डॉ.विजयपाल भंडारी ख्याति वर्धन जोशी सूर्य प्रकाश बादल कुलदीप कुमार चौरास परिसर के निदेशक प्रो.आरएस नेगी हैप्रेक के निदेशक डॉ.वीके पुरोहित जनसंपर्क अधिकारी आशुतोष बहुगुणा शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष देवेंद्र फर्स्वाण महासचिव रविंद्र सिलवाल सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। गौरतलब है कि विश्वविद्यालय में 147 कर्मचारी दो दशक से अधिक समय से अस्थायी रूप से सेवाएं दे रहे थे। इन कर्मचारियों ने रिक्त पदों पर नियुक्ति दिए जाने की मांग को लेकर वर्ष 2009 में नैनीताल हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इसके बाद 13 दिसंबर 2025 को हाईकोर्ट ने विश्वविद्यालय को 147 कर्मचारियों को स्थायी नियुक्ति देने के आदेश जारी किए थे। मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा समिति का गठन किया गया था और लंबे संघर्ष के बाद अब नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हो सकी है। कार्यक्रम के दौरान एक रोचक क्षण भी देखने को मिला। कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह जब मंच से संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत के योगदान का उल्लेख कर रहे थे तभी मंत्री का फोन कुलपति के पास आया। इस दौरान कुलपति ने मंत्री को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम की जानकारी दी और उनका आभार व्यक्त किया। मंत्री धन सिंह रावत ने भी फोन के माध्यम से स्थायी नियुक्ति पाने वाले कर्मचारियों को शुभकामनाएं और बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp