Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता खजान दास ने बुधवार को श्रीनगर स्थित बेस अस्पताल पहुंचकर भर्ती अपने परिजन का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं चिकित्सकीय व्यवस्थाओं और सफाई व्यवस्था बेहतर मिलने पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की सराहना की। जानकारी के अनुसार बगवान क्षेत्र निवासी कैबिनेट मंत्री खजान दास की पत्नी की बड़ी बहन विगत दो दिनों से बेस अस्पताल में उपचाराधीन हैं। उनका इलाज मेडिसिन विभाग के चिकित्सकों की निगरानी में किया जा रहा है। मंत्री खजान दास ने अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों से मरीज के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली और उपचार प्रक्रिया को लेकर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बेस अस्पताल में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं जिससे अब लोगों को छोटे-बड़े उपचार के लिए महानगरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने इसे गढ़वाल क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक और नई दिशा देने वाला प्रयास बताया। मंत्री खजान दास ने भर्ती परिजन से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उन्हें बेहतर उपचार जारी रखने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी में अस्पताल से छुट्टी लेने के बजाय चिकित्सकों की सलाह के अनुसार पूरा उपचार लेना आवश्यक है ताकि स्वास्थ्य पूरी तरह से ठीक हो सके। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ से बातचीत के दौरान मंत्री ने मरीजों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और सेवाभाव की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बेस अस्पताल में लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार दिखाई दे रहा है और इसका लाभ दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को भी मिल रहा है। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को भी बेहतर बताते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सराहना की। वहीं मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना की ओर से भी भर्ती मरीज के स्वास्थ्य की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। अन्य मरीजों की तरह ही संबंधित चिकित्सकों से समय-समय पर मरीज की स्थिति की जानकारी ली जा रही है। मंत्री खजान दास के अस्पताल पहुंचने के दौरान वहां मौजूद मरीजों एवं तीमारदारों ने भी अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर संतोष व्यक्त किया। लोगों का कहना था कि पिछले कुछ समय में बेस अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है जिससे क्षेत्रीय जनता को बड़ी राहत मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp