Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से भरे एक टेंपो ट्रैवलर में आग लगने की स्थिति के बीच टिहरी पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस टीम ने समय रहते सभी 26 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालते हुए वाहन को पूरी तरह जलने से बचा लिया। जानकारी के अनुसार 28 मई 2026 को प्रयागराज से चारधाम यात्रा पर निकला टेंपो ट्रैवलर वाहन संख्या यूपी 44 सीटी 2829 ऋषिकेश से शाम करीब 5 बजे आगे के लिए रवाना हुआ था। वाहन में कुल 26 श्रद्धालु सवार थे जो चारधाम यात्रा के लिए उत्तराखंड आए थे।‌ लगातार पहाड़ी मार्ग पर वाहन चलने के कारण वाहन के ब्रेक अत्यधिक गर्म हो गए जिससे ब्रेक ड्रम से धुआं निकलने लगा और आग लगने जैसी स्थिति बन गई। इसी दौरान पुलिस चौकी जाजल चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस टीम की नजर वाहन पर पड़ी। पुलिस कर्मियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए वाहन को रुकवाया। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए सभी यात्रियों को सुरक्षित वाहन से बाहर निकाला और तत्काल आग बुझाने की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते वाहन को पूरी तरह जलने से बचा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के दौरान सभी श्रद्धालु पूरी तरह सुरक्षित रहे। यात्रियों और वाहन चालक ने उत्तराखंड पुलिस की तत्परता मानवता और सहायता भाव की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया। टिहरी पुलिस ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए उत्तराखंड पुलिस लगातार मुस्तैदी से कार्य कर रही है और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp