Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। राज्य मंत्री सुनील सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल को देश के विकास सुशासन और जनकल्याण के लिए ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में देश निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और हर क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। सुनील सैनी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के माध्यम से बेटियों और महिलाओं को सशक्त बनाने का कार्य किया गया। स्वच्छ भारत मिशन के जरिए पूरे देश में स्वच्छता का संदेश पहुंचाया गया। उज्ज्वला योजना के तहत गरीब परिवारों की महिलाओं को गैस कनेक्शन और सिलेंडर उपलब्ध कराए गए जिससे उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया। उन्होंने कहा कि गांवों और शहरों में घर-घर शौचालयों का निर्माण कराया गया तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को आवास उपलब्ध कराए गए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता के दिलों में राज करते हैं और उनके नेतृत्व में देश ने कई ऐतिहासिक निर्णय देखे हैं। राज्य मंत्री ने कहा कि देश को डिजिटल भारत बनाने का सपना साकार हुआ और जो कभी अकल्पनीय माना जाता था वह भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने के बाद वहां विकास के नए रास्ते खुले हैं और कश्मीर लगातार प्रगति की ओर बढ़ रहा है। सुनील सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अयोध्या में दिव्य और भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ। देशभर में सड़कों का व्यापक जाल बिछाया गया है जिससे कश्मीर से कन्याकुमारी तक यात्रा सुविधाजनक और सुगम हुई है। उन्होंने नई शिक्षा नीति 2020 को देश और युवाओं के भविष्य के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव आए हैं। साथ ही सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए पौराणिक मंदिरों के पुनर्निर्माण और विकास के कार्य भी किए गए हैं। सुनील सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता से किए हर वादे को पूरा करने का प्रयास किया है और उनका 12 वर्ष का कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने कहा कि वह प्रभु से प्रार्थना करते हैं कि देश को आने वाले समय में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व और आशीर्वाद मिलता रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp