Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ऋषिकुल मैदान में बनाए गए यात्री पंजीकरण केंद्र में लगातार पंजीकरण किए जा रहे हैं। जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा पंजीकरण केंद्र में सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की गई हैं। उन्होंने बताया कि धामों में यात्रियों की अत्यधिक भीड़ बढ़ जाने और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए ही समय-समय पर यात्री पंजीकरण केंद्र को अस्थायी रूप से बंद किया जाता है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में पंजीकरण केंद्र में यात्रियों के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। केंद्र में 20 यात्री पंजीकरण काउंटर बनाए गए हैं। विदेशी यात्रियों और बुजुर्गों के लिए अलग पंजीकरण काउंटर की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही महिलाओं और पुरुषों के लिए भी अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। जिला पर्यटन अधिकारी ने बताया कि पंजीकरण केंद्र में पेयजल बैठने के लिए कुर्सियां पंखे और कूलर की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य परीक्षण स्टॉल भी स्थापित किया गया है। इसके अलावा पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था भी की गई है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पंजीकरण केंद्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा पुलिस बल की तैनाती भी की गई है ताकि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp