Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बने विशाल नाले की सफाई से जुड़ी वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की दिशा में अब ठोस पहल शुरू हो गई है। बरसात के दौरान मलबा और गंदगी से भर जाने वाले इस नाले की सफाई नगर निगम कर्मचारियों के लिए लंबे समय से बड़ी चुनौती बनी हुई थी। पर्याप्त चैंबर नहीं होने के कारण सफाई कार्य प्रभावित होता था और कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी पैदा हो जाती थी। इस गंभीर समस्या को देखते हुए मेयर आरती भंडारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को नाले में हर 10 मीटर की दूरी पर चैंबर बनाने और पूरे नाले की समुचित सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त चैंबर नहीं होने से सफाई कर्मचारियों को नाले के भीतर उतरकर जोखिम उठाना पड़ता है जिससे कार्य में काफी कठिनाई आती है। मेयर की सख्ती के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग के अधिशासी अभियंता राजवीर चौहान ने बताया कि चैंबर निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है और जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि करीब 7 किलोमीटर क्षेत्र में हर 10 मीटर पर 1×1.5 मीटर आकार के चैंबर बनाए जाएंगे जिससे भविष्य में नाले की सफाई आसान हो सकेगी। इसके साथ ही पूरे नाले की सफाई भी विभाग द्वारा कराई जाएगी। नगर निगम क्षेत्र में लंबे समय से परेशानी का कारण बनी इस समस्या के समाधान की दिशा में शुरू हुई पहल को स्थानीय लोग राहतभरा कदम मान रहे हैं। लोगों का कहना है कि बरसात के समय नाले में जमा मलबा बड़ी समस्या बन जाता था लेकिन अब चैंबर बनने के बाद सफाई व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। श्रीनगर शहर को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाने की दिशा में मेयर आरती भंडारी लगातार सक्रिय नजर आ रही हैं। शहर की छोटी-बड़ी समस्याओं पर उनकी गंभीरता और विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम कराने की कार्यशैली की भी सराहना हो रही है। मेयर आरती भंडारी ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के इस बड़े नाले की सफाई लंबे समय से चुनौती बनी हुई थी जिससे नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। बरसात के समय स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती थी। उन्होंने कहा कि चैंबर बनने के बाद नगर निगम को नियमित सफाई करने में सुविधा होगी और शहर में जलभराव व गंदगी की समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा। मेयर ने कहा कि श्रीनगर शहर को स्वच्छ व्यवस्थित और बेहतर बनाने के लिए नगर निगम लगातार कार्य कर रहा है और जनता से जुड़े हर मुद्दे पर गंभीरता के साथ कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp