Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कोटद्वार में नगर निगम द्वारा पुलों पर लगाई गई तिरंगा लाइटों की विद्युत तार चोरी मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं दो विधि विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई विद्युत तार और जली हुई कॉपर तार भी बरामद की है। जानकारी के अनुसार 23 मई 2026 को नगर निगम कोटद्वार में कार्यरत विकास द्वारा कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि पुलों पर लगाई गई तिरंगा लाइटों की विद्युत तार अज्ञात लोगों द्वारा चोरी कर ली गई है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने मामले के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर और क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगाई के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की। साथ ही स्थानीय स्तर पर सूचना संकलन और लगातार सुरागरसी-पतारसी की कार्रवाई की गई। तकनीकी और मैनुअल जांच के आधार पर पुलिस को कुछ संदिग्धों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस टीम ने 28 मई 2026 को कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो विधि विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया। पूछताछ में किशोरों ने चोरी की गई विद्युत तार कबाड़ियों को बेचने की बात स्वीकार की। प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो कबाड़ियों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से नगर निगम के विद्युत खंभों से चोरी की गई करीब 40 मीटर विद्युत तार और लगभग 5 किलो जली हुई कॉपर तार बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आमिर निवासी लकड़ी पड़ाव कोटद्वार और ऋतुराज निवासी नजीबाबाद जिला बिजनौर के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विनोद कुमार चपराना हेड कांस्टेबल करण यादव कांस्टेबल चंद्रपाल कांस्टेबल अनुज त्यागी होमगार्ड कुलदीप प्रजापति और महिला कांस्टेबल नेहा रावत शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp