Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में योग के प्रति लोगों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग के तत्वावधान में कंडोलिया मैदान में लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं यमकेश्वर विकासखंड के सिरासू गांव स्थित गंगा तट पर भी स्थानीय लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी शैलेंद्र पाण्डेय ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में योग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कंडोलिया मैदान से बुधवार और गुरुवार को दो दिवसीय लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से योगाभ्यास कराया जा रहा है जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोग घर बैठे भी योग कार्यक्रम से जुड़ सकें। उन्होंने बताया कि योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर नियमित योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम से जुड़ रहे हैं और योग के प्रति जागरूक हो रहे हैं। कंडोलिया मैदान में योग प्रशिक्षक दीपक नेगी एवं गीता देवी ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के नियमित अभ्यास से होने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी भी दी। वहीं यमकेश्वर विकासखंड के सिरासू गांव स्थित पवित्र गंगा तट पर योग प्रशिक्षक मेनका आर्य एवं राहुल ने स्थानीय लोगों को योगाभ्यास कराया। इस दौरान उन्होंने योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए नियमित योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी शैलेंद्र पाण्डेय ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में योग कार्यक्रमों से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ सुदृढ़ और ऊर्जावान बनाता है बल्कि मानसिक तनाव को कम कर जीवन में सकारात्मकता और संतुलन भी लाता है। योग स्वस्थ समाज और स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। कार्यक्रम में डॉ.राकेश सेमवाल डॉ.त्रिभुवन बेंजवाल डीपीएम आशीष राणा सहित विभागीय अधिकारी कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp