Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशों के क्रम में बुधवार 3 जून को वरिष्ठ औषधि निरीक्षक सी.पी.नेगी एवं औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा द्वारा जिला चिकित्सालय बौराड़ी टिहरी गढ़वाल के औषधि भंडार का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य औषधियों की गुणवत्ता भंडारण व्यवस्था तथा संबंधित व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करना था। निरीक्षण के दौरान औषधि भंडार से संबंधित समस्त अभिलेखों का परीक्षण किया गया। साथ ही औषधियों के भंडारण की व्यवस्था शीत श्रृंखला (कोल्ड स्टोरेज) प्रणाली तथा अवधि समाप्त हो चुकी औषधियों के पृथक भंडारण एवं उनके निस्तारण के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी औषधियों को निर्धारित मानकों के अनुसार पैलेट्स पर रखा जाए तथा भंडार गृह में स्वच्छता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान सुनिश्चित किया जाए। औषधियों की गुणवत्ता की जांच के लिए निरीक्षण के दौरान सात औषधियों के नमूने भी लिए गए। ये नमूने औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 तथा नियम 1945 के प्रावधानों के अंतर्गत परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए संग्रहित किए गए हैं। नियमानुसार इन नमूनों को प्रयोगशाला भेजा जाएगा जहां उनकी गुणवत्ता की जांच की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों का रख-रखाव औषधि भंडारण व्यवस्था शीत श्रृंखला प्रणाली तथा अवधि समाप्त औषधियों के पृथक रख-रखाव की व्यवस्था सामान्य रूप से संतोषजनक पाई गई। अधिकारियों द्वारा आवश्यक सुधारात्मक सुझाव एवं निर्देश भी दिए गए ताकि भविष्य में व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp