Spread the love

प्रदीप कुमार
रानीपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में रानीपुर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी की गई चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। कोतवाली रानीपुर में 1 जून 2026 को राहुल पुत्र रमेश चंद निवासी ग्राम जमालपुर खुर्द ने ऑनलाइन ई-एफआईआर के माध्यम से सूचना दी कि 26 मई 2026 को उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सूर्यांश पैकेजिंग फैक्ट्री औद्योगिक क्षेत्र से चोरी हो गई थी। इसके अलावा 2 जून 2026 को आकाश पुत्र ददनराम निवासी महादेव पुरम फेस-2 थाना सिडकुल तथा कामरान पुत्र ईनाम निवासी मोहल्ला कोटरवान थाना ज्वालापुर ने भी ऑनलाइन ई-एफआईआर दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें 20 मई और 24 मई 2026 को स्वर्ण जयंती पार्क के गेट के पास से चोरी कर ली गई थीं। शिकायतों के आधार पर रानीपुर पुलिस ने तत्काल मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने घटनाओं की सुरागरसी और पतारसी करते हुए विभिन्न सीसीटीवी कैमरों का गहन अध्ययन किया। जांच के दौरान 2 जून 2026 की रात चेकिंग के दौरान औद्योगिक क्षेत्र चौराहे से विकास कुमार नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने चोरी की गई चार स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने थाना बहादराबाद क्षेत्र के अंतर्गत पतंजलि क्षेत्र से भी एक मोटरसाइकिल चोरी की थी। पुलिस द्वारा जानकारी जुटाने पर संबंधित मामला थाना बहादराबाद में दर्ज पाया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी वाहन चोरी के 21 मामले दर्ज हैं जिससे वह एक शातिर वाहन चोर के रूप में चिन्हित है। गिरफ्तार आरोपी विकास कुमार पुत्र विजयपाल निवासी ग्राम झबरपुर थाना पुरकाजी जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश हाल निवासी रावली महदूद थाना सिडकुल हरिद्वार। बरामदगी 4 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पुलिस टीम मनोहर सिंह भण्डारी प्रभारी निरीक्षक अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल कांस्टेबल विवेक गुसाईं कांस्टेबल वीर सिंह कांस्टेबल मंजीत राणा कांस्टेबल प्रेम सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp