Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा एवं पर्यटन सीजन के दौरान जनपद में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में श्यामपुर क्षेत्र में ओवर स्पीड से चलने वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि तेज गति से वाहन चलाना न केवल चालक के लिए बल्कि अन्य यात्रियों और राहगीरों के लिए भी दुर्घटना का कारण बन सकता है। चारधाम यात्रा के दौरान बढ़े हुए यातायात दबाव को देखते हुए सभी वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की गई है। हरिद्वार पुलिस जनपद में सुरक्षित सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा। हरिद्वार पुलिस ने सभी वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि चारधाम यात्रा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं जिससे सड़कों पर वाहनों का आवागमन बढ़ गया है। ऐसे में सभी वाहन चालक निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुंचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp