Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद मुख्यालय रुद्रप्रयाग से लगभग पांच किलोमीटर दूर बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नरकोटा के समीप बुधवार दोपहर एक आर्मी ट्रक और कार के बीच हुई टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन पुलिस एवं राहत-बचाव दल सक्रिय हो गए और सभी घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को करीब 12 बजे बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक आर्मी ट्रक और कार के बीच टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय प्रशासन पुलिस तथा संबंधित विभागों की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटना में घायल हुए लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। दुर्घटना के कारणों एवं सड़क की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दुर्घटना स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को सड़क पर आए मलबे को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर मलबा और निर्माण सामग्री दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है इसलिए इसे प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए। जिलाधिकारी ने नरकोटा क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के लिए सड़क किनारे रखी गई निर्माण सामग्री को भी तत्काल हटाने के निर्देश दिए ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों को प्रभावित सड़क मार्ग का चौड़ीकरण करने तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक उपाय शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि चारधाम यात्रा के दृष्टिगत यात्रियों एवं स्थानीय लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सड़क पर किसी भी प्रकार की बाधा को तत्काल दूर किया जाना आवश्यक है। निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने रुद्रप्रयाग स्थित अलकनंदा-मंदाकिनी संगम व्यू पॉइंट का भी निरीक्षण किया तथा वहां मौजूद यात्रियों से संवाद कर यात्रा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने यात्रियों से फीडबैक प्राप्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी एआरटीओ धर्मेंद्र सिंह बिष्ट तहसीलदार जगदीश सिंह नेगी सहित राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp