Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी कांवड़ यात्रा एवं कुंभ मेले के सफल सुगम एवं सुव्यवस्थित संचालन को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रिंग रोड के अंतर्गत बहादराबाद बाईपास से जगजीतपुर तक निर्माणाधीन फ्लाईओवर कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों के साथ निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित ठेकेदारों को निर्देशित किया कि 30 जून तक पूर्ण किए जा सकने वाले सभी कार्यों को त्वरित गति एवं उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले के दौरान किसी भी प्रकार के सड़क निर्माण कार्य नहीं किए जाएंगे इसलिए निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यों को पूर्ण करना अत्यंत आवश्यक है। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने तथा मिट्टी ढुलाई के लिए डंपरों की संख्या में वृद्धि करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और निर्माण कार्य तय समय में पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फ्लाईओवर निर्माण मार्ग में आने वाली भूमि संबंधी समस्याओं वृक्ष कटान एवं अन्य बाधाओं के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्देशित किया कि आगामी कांवड़ यात्रा एवं कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए जिससे श्रद्धालुओं एवं आमजन को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और आवागमन सुचारू बना रहे। इस अवसर पर उप मेला अधिकारी एवं एसएलओ आकाश जोशी प्रोजेक्ट निदेशक एनएचएआई विशाल गोयल ठेकेदार नरेश मंगला सालवान सिंह गुलेरिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp