Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। विकासखंड चमोली के ब्लॉक सभागार दशोली में ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी एवं जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत विकास समिति (बीडीसी) की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित जनसमस्याओं विकास कार्यों तथा पूर्व में आयोजित बीडीसी बैठकों में पारित प्रस्तावों की विभागवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान पूर्व बीडीसी बैठकों में पारित प्रस्तावों एवं प्राप्त शिकायतों पर अनुपालन आख्या रिपोर्ट संकलित न किए जाने पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी दशोली एवं सहायक विकास अधिकारी पंचायत के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्तमान बीडीसी बैठक के सभी प्रस्तावों एवं शिकायतों को एक सप्ताह के भीतर संकलित कर संबंधित विभागों को भेजने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों की शिकायतों को अपनी कार्ययोजना में शामिल करते हुए फील्ड स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करें और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की तर्ज पर जनपद में बीडीसी बैठकों के प्रस्तावों एवं शिकायतों की सतत मॉनिटरिंग के लिए एक समर्पित पोर्टल विकसित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इससे विभागों की जवाबदेही तय होगी तथा शिकायतों और प्रस्तावों के निस्तारण की प्रभावी निगरानी की जा सकेगी। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों को उनके क्षेत्रों से संबंधित विकास कार्यों एवं शिकायतों के निस्तारण की प्रगति से नियमित रूप से अवगत कराया जाए। उन्होंने कृषि विभाग द्वारा प्रस्तावित चेन लिंक फेंसिंग कार्यों की समीक्षा मुख्य विकास अधिकारी से कराने के निर्देश देते हुए कृषि बहुल गांवों को प्राथमिकता के आधार पर संतृप्त करने को कहा। बैठक में स्वास्थ्य पशुपालन शिक्षा विद्युत पेयजल आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। बैठक में ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी मुख्य विकास अधिकारी डॉ.अभिषेक त्रिपाठी उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडे परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र पंचायत सदस्य ग्राम प्रधान तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp