Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। तीनधारा डंपिंग जोन के समीप वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना पर कोतवाली देवप्रयाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया तथा घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। आज 04 जून 2026 को दोपहर लगभग 1 बजे केसीसी के कॉन्ट्रैक्टर आकाश हुड्डा द्वारा सूचना दी गई कि तीनधारा डंपिंग जोन के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर क्षतिग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही कोतवाली देवप्रयाग पुलिस बिना विलंब के घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जांच के दौरान पता चला कि वाहन संख्या UK07TB-7258 के चालक कमलेश पुत्र गंगादत्त निवासी घाट थाना नंदप्रयाग जनपद चमोली के सिर में चोट आई है जबकि वाहन में सवार अन्य सभी यात्री सुरक्षित हैं। यात्रियों ने पुलिस को बताया कि पहाड़ी पर विचरण कर रहे जंगली जानवरों के कारण ऊपर से पत्थर गिरने लगे जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पहाड़ से टकरा गया और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को तत्काल निजी एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए श्रीकोट श्रीनगर भेजा। साथ ही अन्य यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा गया। टिहरी पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के चलते मौके पर स्थिति सामान्य रही तथा यातायात निर्बाध रूप से संचालित होता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp