Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद रुद्रप्रयाग में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को तहसील सभागार रुद्रप्रयाग में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं बीएलओ सुपरवाइजरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने प्रतिभाग करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया तथा निर्वाचन संबंधी कार्यों को पूरी गंभीरता पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपादित करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्वाचन कार्य से जुड़े विशेषज्ञों एवं मास्टर ट्रेनरों द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने मतदाता विवरण में आवश्यक संशोधन करने तथा घर-घर सत्यापन अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से संपन्न कराने पर विशेष बल दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की सफलता और मजबूती के लिए शुद्ध अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम मतदाता सूची को अधिक सटीक और विश्वसनीय बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है। सभी अधिकारी निर्धारित समयसीमा के भीतर अपने कार्यों को पूरी सावधानी और गुणवत्ता के साथ पूरा करें। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को निर्वाचन संबंधी विभिन्न प्रपत्रों के उपयोग ऑनलाइन पोर्टल पर डाटा अपलोड करने की प्रक्रिया फील्ड सत्यापन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को घर-घर सत्यापन अभियान के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने तथा प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी तहसीलदार जगदीश सिंह नेगी मुख्य कृषि अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर लोकेंद्र बिष्ट मास्टर ट्रेनर दीपक बुटोला सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp