Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर निगम श्रीनगर की ओर से पौड़ी रोड स्थित गंगा दर्शन के समीप निगम की गौशाला परिसर में फलदार एवं छायादार वृक्षों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधारोपण के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर आरती भंडारी के नेतृत्व में पौधारोपण से हुआ। इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधे लगाए गए जिनसे भविष्य में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ गौशाला में रहने वाली गौमाताओं के लिए चारा एवं पत्तियों की उपलब्धता भी सुनिश्चित हो सकेगी। नगर निगम की इस पहल को पर्यावरण संरक्षण और पशु कल्याण के समन्वय का एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे केवल पर्यावरण को शुद्ध करने का कार्य नहीं करते बल्कि जैव विविधता के संरक्षण जल स्रोतों की सुरक्षा और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक औपचारिकता नहीं बल्कि प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और निभाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग पौधे लगाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी समझ लेते हैं जबकि वास्तविक सफलता तब मिलती है जब पौधे बड़े होकर वृक्ष का रूप धारण करें। इसके लिए उनकी नियमित सिंचाई सुरक्षा और देखभाल आवश्यक है। नगर निगम द्वारा लगाए गए पौधों की निगरानी और संरक्षण के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी ताकि आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र और अधिक हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बन सके। महापौर ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति इस अवसर पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करे। उन्होंने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक नागरिक पर्यावरण संरक्षण के लिए छोटी-छोटी जिम्मेदारियां निभाए तो भविष्य में पर्यावरणीय चुनौतियों का प्रभाव काफी हद तक कम किया जा सकता है। कार्यक्रम में सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी गायत्री बिष्ट मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार पार्षद दिनेश पटवाल प्रवेश चमोली धर्म सिंह रावत नरेंद्र सिंह सुमित बिष्ट सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण स्वच्छता और हरित विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। विश्व पर्यावरण दिवस पर नगर निगम श्रीनगर की यह पहल न केवल शहर को हरित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराने का भी सशक्त संदेश देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp