प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने शुक्रवार को बेड़ूबगढ़ अगस्त्यमुनि एवं सिल्ली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सड़क चौड़ीकरण यातायात व्यवस्था एवं यात्रा सीजन के दौरान आने वाली समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न संवेदनशील स्थलों का अवलोकन करते हुए एनएच विभाग के अधिकारियों से कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर सड़क चौड़ीकरण के लिए संरचनाएं हटाई जानी शेष हैं उन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए ताकि आगे निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। जिलाधिकारी ने कहा कि केदारनाथ यात्रा सीजन के दौरान अगस्त्यमुनि बेड़ूबगढ़ एवं सिल्ली क्षेत्रों में वाहनों का अत्यधिक दबाव रहता है जिससे कई बार जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ तीर्थ यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण एवं यातायात सुधार संबंधी कार्य पूर्ण होने के बाद इन क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और सुरक्षित होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा सीजन को देखते हुए सड़क मार्गों को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। इस दौरान जिलाधिकारी ने अगस्त्यमुनि में यात्रियों के लिए बनाए गए विश्राम गृह का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विश्राम गृह में पेयजल स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा सीजन में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी सहायक अभियंता प्रेरणा जगोड़ी सहित राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग कार्यों का निरीक्षण किया सड़क चौड़ीकरण में तेजी लाने के दिए निर्देश
