Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री के निर्देशों तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद में चौथे दिन भी अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहा। जिला प्रशासन नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में सड़क फुटपाथ नालियों और सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे हटाए। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी उप जिलाधिकारियों नगर निगम एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सरकारी भूमि सड़क फुटपाथ और नालियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में संचालित चारधाम यात्रा तथा आगामी कांवड़ मेले के दौरान यात्रियों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने और जाम की स्थिति से बचने के लिए अतिक्रमण हटाना आवश्यक है। उप जिलाधिकारी मुख्यालय एवं नगर मजिस्ट्रेट हरगिरी के नेतृत्व में देवपुरा चौक से रेलवे स्टेशन शिवमूर्ति होते हुए वाल्मीकि चौक (ललतारौ पुल) तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे फुटपाथों और नालियों पर किए गए 60 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए तथा 15 से अधिक ठेलियां जब्त की गईं। अभियान के दौरान नगर निगम पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने संबंधित लोगों को चेतावनी दी कि भविष्य में नालियों के ऊपर अथवा उनकी सीमा से बाहर किसी भी प्रकार का सामान निर्माण सामग्री या व्यावसायिक सामग्री रखी गई तो उसे तत्काल जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बार-बार अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। अभियान में सिटी उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा सहित नगर निगम और पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। रुड़की क्षेत्र में भी हुई कार्रवाई संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में तहसीलदार के नेतृत्व में पुहाना एवं सालियर बाईपास क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। तहसील प्रशासन पुलिस विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे किए गए स्थायी और अस्थायी अतिक्रमणों को जेसीबी मशीन के माध्यम से हटाया। अभियान के दौरान अपर तहसीलदार कानूनगो तथा राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी भी मौजूद रहे। लक्सर में 55 से अधिक अतिक्रमण हटाए
उप जिलाधिकारी लक्सर अनिल शुक्ला के नेतृत्व में मेन मार्केट ओवरब्रिज से रेलवे स्टेशन तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे किए गए 55 से अधिक अवैध अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई के दौरान पांच लोगों के चालान कर 9 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करते पाए जाने पर एक सिलेंडर भी जब्त किया गया। अभियान में तहसील प्रशासन नगर पालिका पुलिस तथा अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। भगवानपुर में 12 हजार रुपये का जुर्माना तहसीलदार दयाराम के नेतृत्व में भगवानपुर टोल प्लाजा से रायपुर चौक तक सर्विस रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क नालियों और फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई के दौरान 11 लोगों के चालान कर 12 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया तथा 17 सामान जब्त किए गए। इस दौरान नगर पंचायत पुलिस विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौजूद रही। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp