Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना पोखरी पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 07 जून 2026 को थाना पोखरी पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान वाहन संख्या UK11B-5131 (ऑल्टो कार) के चालक संजय खाली पुत्र गोविन्द प्रसाद खाली निवासी ग्राम खाल थाना पोखरी को संदिग्ध अवस्था में वाहन चलाते हुए रोका गया। जांच के दौरान चालक शराब के नशे में वाहन चलाता पाया गया। पुलिस द्वारा चालक का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया जिसमें शराब का सेवन करने की पुष्टि हुई। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया गया। साथ ही चालक को भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि स्वयं और अन्य लोगों के जीवन को भी खतरे में डालता है। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। चमोली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात नियमों का पालन करें तथा नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें। जिम्मेदार वाहन संचालन ही स्वयं और दूसरों की सुरक्षा की गारंटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp