Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। गंगा तट पर स्थित धर्मनगरी हरिद्वार में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले की तैयारियां तेज़ी से जारी हैं। इसी क्रम में सोमवार को श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी के अध्यक्ष एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत डॉ.रविन्द्र पुरी के नेतृत्व में संतों के एक दल ने कुंभ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण दल में जापान से आए महामंडलेश्वर स्वामी आदित्यानंद गिरी जापानी साध्वी योगमाता सत्य प्रेम गिरी सहित अन्य संत शामिल रहे। संतों के दल ने शंकराचार्य चौक से सिंहद्वार क्षेत्र तक गंगा तट पर विकसित किए जा रहे नए घाटों निर्माणाधीन सुविधाओं एवं आधारभूत संरचना का अवलोकन किया तथा कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने संतों को कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशों के तहत कुंभ को दिव्य भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं। घाटों के विस्तार के साथ-साथ सड़क यातायात सुरक्षा स्वच्छता पेयजल विद्युत आपूर्ति स्वास्थ्य सेवाओं और आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है। संत समाज ने कुंभ की तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि हरिद्वार में हो रहे विकास कार्य अभूतपूर्व हैं और इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। महंत रविन्द्र पुरी ने कहा कि कुंभ केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सनातन संस्कृति का वैश्विक उत्सव है जो मानवता को जोड़ने का कार्य करता है। जापान से आए स्वामी आदित्यानंद गिरी ने कहा कि भारत की आध्यात्मिक परंपरा पूरी दुनिया को आकर्षित करती है और कुंभ मेले में सहभागिता उनके लिए आध्यात्मिक सौभाग्य है। वहीं जापानी साध्वी योगमाता सत्य प्रेम गिरी ने कुंभ को मानवता को जोड़ने वाला विश्वस्तरीय आध्यात्मिक आयोजन बताया। संतों ने कहा कि तैयारियां जिस गति से चल रही हैं उससे यह स्पष्ट है कि कुंभ 2027 दिव्यता भव्यता और सुरक्षा के नए मानक स्थापित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp