Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद हरिद्वार में सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को रोकने एवं हटाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में उपजिलाधिकारी मुख्यालय/नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में देवपुरा चौक से रानीपुर मोड़ क्षेत्र तथा जयराम आश्रम से वाल्मीकि चौक क्षेत्र में नगर निगम पुलिस एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा अभियान चलाया गया। वहीं उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा के नेतृत्व में भी संबंधित क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सड़क किनारे फुटपाथ एवं नालियों पर किए गए 150 से अधिक अवैध अतिक्रमण हटाए गए। इनमें 60 अवैध कब्जे देवपुरा चौक से रानीपुर मोड़ क्षेत्र में तथा 90 अवैध कब्जे जयराम आश्रम से वाल्मीकि चौक क्षेत्र में हटाए गए। इस दौरान नालियों के ऊपर बनाए गए खोखे एवं ढाबों को भी हटाकर ध्वस्त किया गया। चारधाम यात्रा एवं आगामी कांवड़ मेले को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने तथा श्रद्धालुओं एवं यात्रियों के सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क, फुटपाथ एवं नालियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान से पूर्व पूरे क्षेत्र की वीडियोग्राफी भी कराई गई ताकि स्थिति का रिकॉर्ड रखा जा सके। नगर निगम एवं प्रशासन की टीमों द्वारा संबंधित व्यक्तियों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में नाली के ऊपर या निर्धारित सीमा से बाहर किसी भी प्रकार का सामान निर्माण सामग्री या व्यावसायिक सामग्री रखने पर उसे जब्त किया जाएगा तथा नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण दोबारा किए जाने की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकांत सफाई निरीक्षक अनिल कुमार अतिक्रमण सहायक आदित्य तेश्वर अर्जुन सिंह सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल सहित नगर निगम एवं प्रशासन की संयुक्त टीम मौजूद रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनहित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp