Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश के कृषि एवं जनपद टिहरी प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने जनपद भ्रमण के दौरान टिहरी के जौनपुर क्षेत्र स्थित सेन्दूल गांव पहुंचकर नाग देवता मंदिर स्थापना दिवस एवं ग्राम सेन्दूल के सामुदायिक वर्क शेड के शिलान्यास कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने सामुदायिक वर्क शेड का विधिवत शिलान्यास किया। इससे पूर्व कृषि मंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर नाग देवता का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। जौनपुर क्षेत्र आगमन पर ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री गणेश जोशी ने ग्रामीणों की मांग पर जौनपुर क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज निर्माण की घोषणा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए। साथ ही उन्होंने किसानों की घेरबाड़ कृषि एवं अन्य विभागों से संबंधित मांगों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य की सभी न्याय पंचायतों में खेत बचाओ अभियान संचालित किया जा रहा है। कृषि मंत्री ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग के साथ जैविक एवं प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के कल्याण एवं उनकी आय दोगुनी करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। इस अवसर पर प्रमुख सीता पंवार मुख्य विकास अधिकारी टिहरी वरुणा अग्रवाल राम दयाल सिंह सुभाष रमोला राजेश नौटियाल राजेश सजवाण सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp