Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश भाजपा कार्यालय बलवीर रोड देहरादून में भारतीय जनता पार्टी महानगर देहरादून की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में हाल ही में संपन्न विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं बैठकों की समीक्षा की गई। विशेष रूप से भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के देहरादून प्रवास के दौरान आयोजित कार्यक्रमों बैठकों एवं बूथ स्तर तक हुए आयोजनों की सफलता पर चर्चा करते हुए सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को बधाई दी गई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 10 जून को लगातार 12 वर्ष तक देश के प्रधानमंत्री के रूप में सफलतापूर्वक कार्य करने के अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त की गई तथा सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल तथा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महानगर प्रभारी राकेश गिरि सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने शक्तिकेंद्र बैठकों विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान तथा विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर अपने विचार रखे और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की। बैठक के दौरान नवनियुक्त दायित्वधारियों एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों का स्वागत और अभिनंदन भी किया गया। भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के देहरादून प्रवास के दौरान कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक समर्पण अनुशासन और संगठनात्मक क्षमता का उत्कृष्ट परिचय दिया जो भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों को भी इसी उत्साह और ऊर्जा के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में विधायक विनोद चमोली उमेश शर्मा काऊ विधायक सविता कपूर प्रदेश पदाधिकारी दायित्वधारी महानगर पदाधिकारी बीएलए-1 प्रतिनिधि मंडल पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp