Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। निर्वाचन नामावली को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रुड़की दीपक रामचंद्र शेट की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशन में संपन्न हुई। बैठक में भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस बहुजन समाज पार्टी तथा उत्तराखंड क्रांति दल के बीएलए-1 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसके अलावा रुड़की पिरान कलियर झबरेड़ा और मंगलौर विधानसभा क्षेत्रों के सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2026 के अंतर्गत संचालित गतिविधियों तथा घर-घर मतदाता सत्यापन अभियान की विस्तृत जानकारी साझा की गई। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने गणना प्रपत्र का प्रदर्शन करते हुए उसे सही तरीके से भरने की प्रक्रिया समझाई तथा उपस्थित प्रतिनिधियों की जिज्ञासाओं और शंकाओं का समाधान किया। इस दौरान झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने पुनरीक्षण अभियान से पूर्व चिन्हित किए गए अनमैप्ड मतदाताओं की संख्या उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर संयुक्त मजिस्ट्रेट ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में कहा गया कि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों का सहयोग आवश्यक है। घर-घर सत्यापन अभियान के माध्यम से पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने तथा अपात्र प्रविष्टियों को हटाने की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है। अंत में सभी राजनीतिक दलों से अपील की गई कि वे निर्वाचन नामावली को शुद्ध एवं विश्वसनीय बनाने के लिए सक्रिय सहयोग प्रदान करें ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया पारदर्शी निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से संपन्न कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp