Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग पौड़ी की ओर से जनपद के सभी चिकित्सा इकाइयों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ्य शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में विकासखंड कोट के आयुष्मान आरोग्य मंदिर जामलाखाल में गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर के दौरान गर्भवती महिलाओं के वजन हीमोग्लोबिन रक्तचाप मधुमेह सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं। साथ ही उन्हें जननी सुरक्षा योजना जननी शिशु सुरक्षा योजना ईजा बोई शगुन योजना शिशु देखभाल संस्थागत प्रसव प्रसव पूर्व तैयारी तथा पोषण संबंधी परामर्श सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि 9 जून 2016 को गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण सुलभ एवं सुरक्षित प्रसव सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान की शुरुआत की गई थी। पिछले 10 वर्षों में इस अभियान के माध्यम से उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की समय रहते पहचान और उपचार निःशुल्क अल्ट्रासाउंड सुविधा संस्थागत प्रसव तथा आवश्यक रेफरल सेवाओं को मजबूत किया गया है जिससे मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं को चिकित्सालय तक लाने और वापस पहुंचाने के लिए 108 एवं 102 एम्बुलेंस सेवाओं के माध्यम से निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत आज जनपद के सभी चिकित्सालयों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कार्यक्रम आयोजित किए गए जिनमें कुल 492 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी मेघा भट्ट एएनएम प्रेमलता शशि देवी लता आभा मीनाक्षी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp