Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा 2026 के दृष्टिगत जनपद टिहरी गढ़वाल क्षेत्र में रात्रिकालीन यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष प्रबंधन लागू किया गया है। इसी क्रम में उप जिलाधिकारी कीर्तिनगर पंकज भट्ट द्वारा रात्रि में क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने संपूर्ण यातायात व्यवस्था तथा श्रद्धालु वाहनों के ठहराव की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं के वाहनों को कीर्तिनगर क्षेत्र में सुरक्षित रूप से रोका गया और प्रातः चार बजे के बाद उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। श्रद्धालुओं को जागरूक करते हुए बताया गया कि रात्रि के समय यात्रा करने से बचें। वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें और तेज गति से वाहन न चलाएं। यदि यात्रा के दौरान थकान या नींद महसूस हो तो सुरक्षित स्थान पर वाहन रोककर विश्राम करें। साथ ही सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई कि प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी की जा रही यात्रा संबंधी गाइडलाइन का पूर्ण रूप से पालन करें जिससे चारधाम यात्रा सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp