Spread the love

प्रदीप कुमार
थराली-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। देवाल-घेस मोटर मार्ग पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना लोसरी गांव के समीप उस समय हुई जब एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सैकड़ों मीटर गहरी खाई में गिरकर कैल नदी में जा समाया। पुलिस के अनुसार गुरुवार को लगभग चार बजे डीसीआर के माध्यम से थानाध्यक्ष थराली को सूचना मिली कि देवाल-घेस मोटर मार्ग पर लोसरी गांव के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष थराली पुलिस बल एवं आपदा राहत उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुए। साथ ही उप जिलाधिकारी थराली से समन्वय स्थापित करते हुए डीडीआरएफ टीम को भी घटनास्थल पर भेजा गया। मौके पर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने बताया कि वाहन संख्या यूके-11टीए-4395 बोलेरो लोसरी गांव से लगभग 100 मीटर आगे घेस की ओर जा रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 500 से 600 मीटर नीचे कैल नदी में गिर गया। वाहन में कुल आठ लोग सवार थे। स्थानीय ग्रामीणों पुलिस और डीडीआरएफ टीम ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद चार घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल पहुंचाया गया। वहीं चार लोगों के शव बरामद कर अस्पताल पहुंचाए गए। मृतकों के पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन पहले सड़क किनारे बनी दीवार से टकराया और उसके बाद पीछे की ओर जाकर गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना में जानकी देवी (28 वर्ष) निवासी खेता अर्जुन सिंह (60 वर्ष) निवासी घेस आलम सिंह (54 वर्ष) निवासी घेस तथा सात वर्षीय दीपू निवासी खेता की मौत हो गई। घायलों में हरेंद्र सिंह (38 वर्ष) निवासी घेस उमा देवी (28 वर्ष) निवासी खेता खड़क सिंह (38 वर्ष) निवासी खेता तथा डेढ़ वर्षीय हर्षिता शामिल हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। पुलिस प्रशासन की ओर से बताया गया कि मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल में कराया जा रहा है तथा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *