Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी मानसून को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने तहसील लक्सर के बाढ़ एवं जलभराव के प्रति अत्यधिक संवेदनशील गंगदासपुर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को सभी बाढ़ सुरक्षा एवं जल निकासी से जुड़े कार्यों को निर्धारित समयसीमा में मानसून से पूर्व पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गंगदासपुर क्षेत्र में बाढ़ एवं जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु पिछले वर्ष मुख्यमंत्री द्वारा किए गए भ्रमण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी योजनाओं को तेजी से पूर्ण करने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग सिंचाई विभाग एवं उपजिलाधिकारी लक्सर अनिल कुमार शुक्ला को निर्देश दिए कि क्षेत्र में बाढ़ से बचाव तथा जल निकासी से संबंधित सभी व्यवस्थाएं मानसून प्रारंभ होने से पूर्व हर हाल में पूरी कर ली जाएं ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से संवाद कर मानसून के समय गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने पर उत्पन्न होने वाली समस्याओं की जानकारी भी ली। उन्होंने गांव में प्रस्तावित विकास एवं बाढ़ सुरक्षा कार्यों की समीक्षा करते हुए जल निकासी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने गंगदासपुर में गेट निर्माण गंगदासपुर से पंडितपुर तक नाले के चैनलाइजेशन नालों की नियमित सफाई तथा सभी छोटे-बड़े जल निकासी मार्गों को सुचारु रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि गंगा का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में क्षेत्र में जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले सकती है इसलिए गेट निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शुरू किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूर्ण किए जाएं ताकि मानसून के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई न हो और क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी लक्सर अनिल कुमार शुक्ला अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सोनू त्यागी अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग ओमजी गुप्ता सहायक अभियंता विजय सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp