Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने तथा बिना सत्यापन संचालित ई-रिक्शाओं के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ा अभियान चलाया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में संचालित विशेष प्रवर्तन अभियान के दौरान 50 से अधिक ई-रिक्शाओं को सीज किया गया। अभियान के तहत वाल्मीकि चौक रेलवे स्टेशन क्षेत्र तथा कर्नाटक भवन के आसपास सघन जांच की गई। जांच के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे ई-रिक्शा पाए गए जिनका निर्धारित सत्यापन नहीं कराया गया था। ऐसे वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम एवं प्रासंगिक नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज कर दिया गया। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जनपद में संचालित सभी ई-रिक्शाओं का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सत्यापन कराना अनिवार्य है। बिना सत्यापन संचालित वाहन यात्रियों की सुरक्षा कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के लिए गंभीर चुनौती बन सकते हैं। ऐसे वाहनों के संचालन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चारधाम यात्रा के दौरान हरिद्वार में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आगमन को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग लगातार विशेष प्रवर्तन अभियान चला रहा है। इसी क्रम में यह व्यापक कार्रवाई की गई। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा ने कहा कि बिना सत्यापन संचालित ई-रिक्शाओं के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने सभी ई-रिक्शा स्वामियों और चालकों से अपने वाहनों का सत्यापन शीघ्र पूरा कराने की अपील की। वहीं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने कहा कि अवैध रूप से संचालित वाहनों पर विभाग की लगातार निगरानी है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालान सीजिंग तथा अन्य वैधानिक कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp