Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी के लक्ष्मणझूला एवं रामझूला क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में अपने परिजनों से बिछड़ी दो बालिकाओं को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया। जानकारी के अनुसार 10 जून 2026 को लक्ष्मणझूला क्षेत्र में लगभग 07 वर्षीय एक बालिका भीड़ में अकेली डरी और रोती हुई अवस्था में मिली। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए बालिका को अपने संरक्षण में लिया और उसे सुरक्षित स्थान पर रखकर देखभाल की व्यवस्था की। बालिका को थाना ले जाकर बाल कल्याण अधिकारी की देखरेख में रखा गया। इसी तरह रामझूला क्षेत्र में हरियाणा राज्य के पानीपत निवासी एक अन्य बालिका अपने परिजनों से बिछड़ गई थी जिसे चौकी रामझूला की पुलिस टीम ने सुरक्षित संरक्षण में लिया। दोनों बालिकाओं के परिजनों का पता लगाने के लिए तत्काल सभी चौकी प्रभारियों चीता मोबाइल और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सूचना प्रसारित की गई। साथ ही बालिकाओं के फोटो साझा कर व्यापक स्तर पर खोजबीन शुरू की गई। बालिकाओं द्वारा दी गई सीमित जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मानवीय संसाधनों की मदद से लगातार प्रयास किए। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप पहली बालिका के पिता संजीव कुमार निवासी ग्राम चुचेला धनोरा जनपद अमरोहा उत्तर प्रदेश तथा दूसरी बालिका के पिता पवन निवासी पानीपत हरियाणा का पता लगा लिया गया। इसके बाद दोनों बालिकाओं को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस टीम सहायक उपनिरीक्षक राहुल ठाकुर हेड कांस्टेबल बारू दत्त शर्मा हेड कांस्टेबल कुंवर सिंह भारत तिब्बत सीमा पुलिस होमगार्ड विवेक ध्यानी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp