Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बालिकाओं के स्वास्थ्य शिक्षा सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि बालिकाओं से संबंधित सभी योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए ताकि बेटियों को शिक्षा बेहतर भविष्य और आत्मरक्षा के क्षेत्र में अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए जिससे उनकी पढ़ाई आर्थिक अभाव के कारण प्रभावित न हो। बैठक में किशोरी बालिकाओं को माहवारी स्वच्छता पोषण स्वास्थ्य और शिक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने पर भी जोर दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि किशोरियों में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है और इसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वित रूप से कार्य करें। बालिका सुरक्षा के दृष्टिगत उन्होंने पुलिस विभाग के समन्वय से आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बालिकाओं और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनों की स्थापना उनकी नियमित रिफिलिंग व्यवस्था तथा निर्धारित मूल्य की जानकारी की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देशित किया कि इन मशीनों को ऐसे स्थानों पर स्थापित किया जाए जहां महिलाओं और बालिकाओं की आवाजाही अधिक रहती हो। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि मशीनों में नियमित रूप से सामग्री उपलब्ध रहे, जिससे लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना कन्या धन योजना बालिका सुरक्षा तथा विभाग द्वारा संचालित अन्य योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा रावत ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभागीय कार्ययोजना और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। बैठक का संचालन बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा रावत ने किया। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट सहायक जिला पंचायती राज अधिकारी प्रदीप सुंदरियाल एसीएमओ डॉ.अमित बाल विकास परियोजना अधिकारी महबूब खान उपनिरीक्षक अनीता मुख्य प्रशासनिक अधिकारी पुष्कर सिंह कंडारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp