Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखण्ड सरकार में समाज कल्याण योजनाएं एवं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री स्तर) तथा पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल ने गुरुवार को जनपद हरिद्वार के ग्राम मतलबपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में आयोजित बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर बहुद्देशीय शिविर में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने उनका ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। देशराज कर्णवाल अपने शिविर कार्यालय झबरेड़ा से प्रातः रवाना होकर प्राथमिक विद्यालय मतलबपुर पहुंचे जहां उन्होंने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित बहुद्देशीय शिविर में हिस्सा लिया। शिविर के दौरान उन्होंने ग्रामीणों और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम में उन्होंने सहायक समाज कल्याण अधिकारी रुड़की को निर्देशित किया कि ऐसे शिविरों में कार्यक्रम शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले पहुंचकर लोगों की समस्याओं का पंजीकरण किया जाए तथा उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को मौके पर सुनकर उनका त्वरित समाधान करना है। देशराज कर्णवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार का संकल्प है कि समाज कल्याण विभाग की सभी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक सरल पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और ऐसे बहुद्देशीय शिविर इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया तथा अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। यह शिविर कार्यक्रम मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में अनुमोदित कार्यक्रमों के अंतर्गत आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जॉइंट मजिस्ट्रेट रुड़की को नोडल अधिकारी नामित किया गया था। वहीं थाना झबरेड़ा द्वारा सुरक्षा व्यवस्था तथा नगर आयुक्त रुड़की द्वारा कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp