Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। लंबगांव थाना क्षेत्र में दलित युवक की हत्या के मामले में दर्ज अभियोग के तहत टिहरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इस प्रकरण में अब तक कुल चार अभियुक्तों की गिरफ्तारी की जा चुकी है जिनमें से दो अभियुक्तों को आज गिरफ्तार किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मामले की निष्पक्ष पारदर्शी और तथ्यपरक जांच क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी को सौंपी। वे स्वयं पूरे प्रकरण की लगातार निगरानी और पर्यवेक्षण कर रही हैं तथा विवेचना के प्रत्येक पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विवेचना के दौरान संकलित साक्ष्यों तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के आधार पर फरार चल रहे तीसरे अभियुक्त सचिन पंवार पुत्र प्यार सिंह पंवार उम्र 27 वर्ष निवासी खोलगढ़ वल्ला तहसील प्रतापनगर थाना लंबगांव को आज सुबह लगभग 08:30 बजे चौंधार तिराहा लंबगांव से गिरफ्तार किया गया। बताया गया कि अभियुक्त घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन का चालक था। इसी क्रम में चौथे अभियुक्त सुमित प्रसाद पुत्र सुरेशानन्द निवासी ग्राम धान्यो मयाली थाना अगस्त्यमुनि जनपद रुद्रप्रयाग उम्र 21 वर्ष को भी गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त मुख्य आरोपी यशवीर सिंह पंवार के साथ जेसीबी मशीन पर कार्य करता था तथा खोलगढ़ स्थित उसके मकान में किराए पर रह रहा था। पुलिस टीम द्वारा उसे उक्त मकान से रात्रि लगभग 10:15 बजे गिरफ्तार किया गया। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। एसएसपी के निर्देशानुसार मामले की जांच को वैज्ञानिक और तथ्यपरक बनाने के लिए 10 जून 2026 को फोरेंसिक विशेषज्ञ टीम द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए हैं जिनका परीक्षण कर विवेचना को और मजबूत बनाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा तथा प्राप्त सभी साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। टिहरी पुलिस पूरी पारदर्शिता के साथ जांच को आगे बढ़ा रही है। जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि इस प्रकरण से संबंधित किसी भी अपुष्ट या भ्रामक सूचना का प्रसार सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp