Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व-2026 को सुरक्षित शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने पर्व ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की। इस दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा यातायात व्यवस्था भीड़ नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। हिंदू धर्म में विशेष महत्व रखने वाले सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर हरकी पैड़ी सहित विभिन्न घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पूरे मेला क्षेत्र की जिम्मेदारी एसपी सिटी को सौंपी गई है तथा मेले को 6 सुपर जोन 16 जोन और 46 सेक्टरों में विभाजित कर विशेष सुरक्षा प्रबंधन लागू किया गया है। ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों को घाटों पर सुरक्षा भीड़ प्रबंधन संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी एंटी सबोटाज चेकिंग अफवाहों की रोकथाम जल पुलिस की तैनाती संचार व्यवस्था तथा आमजन के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए गए। हरकी पैड़ी और प्रमुख स्नान घाटों पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में श्रद्धालुओं को वैकल्पिक घाटों की ओर भेजने जेबकतरों और उठाईगिरों पर विशेष निगरानी रखने तथा रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि अत्यधिक भीड़ की स्थिति में मौके पर मौजूद प्रत्येक पुलिसकर्मी स्वयं को जिम्मेदार अधिकारी मानते हुए त्वरित और विवेकपूर्ण निर्णय ले तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने महत्वपूर्ण सूचनाओं को तत्काल साझा करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों को रेलवे स्टेशन हरकी पैड़ी और अन्य प्रमुख स्नान स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने संदिग्ध वस्तु मिलने पर तुरंत बम निरोधक दस्ते और श्वान दल को सूचना देने तथा लगातार जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन संदिग्ध वाहनों की जांच और मेला क्षेत्र में प्रवेश करने वाले वाहनों की निगरानी भी बढ़ाई गई है। स्नान पर्व के दौरान घाटों पर डूबने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जल पुलिस को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मी भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार गश्त कर जेबकतरों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगे। अभिसूचना इकाई को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा लाभप्रद सूचनाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान सीटी डंडा और आवश्यक सुरक्षा उपकरण साथ रखने पर्याप्त पानी पीने तथा गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की भी सलाह दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। पर्व ड्यूटी के लिए 6 सहायक एवं अपर पुलिस अधीक्षक 13 पुलिस उपाधीक्षक 15 निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष 72 उपनिरीक्षक 9 महिला उपनिरीक्षक 232 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी 50 महिला पुलिसकर्मी 14 अभिसूचना कर्मी 2 बम निरोधक एवं डॉग स्क्वॉड टीमें 3 घुड़सवार पुलिस टीमें 15 जल पुलिस कर्मी 2 कंपनी और 2 प्लाटून पीएसी 188 प्रशिक्षु उपनिरीक्षक 439 रिक्रूट आरक्षी 200 होमगार्ड तथा 200 पीआरडी जवान तैनात किए गए हैं। ब्रीफिंग के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के सभी वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp