Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। 14 जून को आयोजित होने वाली उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय परीक्षा-2026 को निष्पक्ष पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पौड़ी पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण और मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर ने कोटद्वार स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया जबकि क्षेत्राधिकारी सदर तपेश कुमार ने पौड़ी और श्रीनगर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थागत तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों की भौतिक व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय स्थापित किया तथा परीक्षा के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रवेश एवं निकास मार्गों सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था सुरक्षा प्रबंधों संवेदनशील बिंदुओं तथा अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही से संबंधित व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परीक्षा के दौरान प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सतत निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में होटल लॉज धर्मशालाओं तथा अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों में सघन सत्यापन और चेकिंग अभियान भी लगातार चलाया जा रहा है। पौड़ी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को सुरक्षित शांतिपूर्ण पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं और पूरी पुलिस टीम पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp