Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। अग्निकांड की घटनाओं की रोकथाम तथा जनपद में अग्निसुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से फायर सर्विस लगातार सक्रिय रहकर जन-जागरूकता अभियान चला रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपद की फायर यूनिटों द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों होटल-ढाबों एवं सार्वजनिक संस्थानों का नियमित फायर ऑडिट और अग्निसुरक्षा निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में 13 जून 2026 को फायर यूनिट श्रीनगर द्वारा होटल अलकनंदा, होटल नरवड़े, केदारनाथ-बद्रीनाथ मंदिर समिति कार्यालय तथा सत्यम होटल का अग्निसुरक्षा निरीक्षण किया गया। वहीं थलीसैंण फायर टीम द्वारा भी क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों का फायर ऑडिट एवं सुरक्षा निरीक्षण कर अग्निसुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया तथा आवश्यक सुधारात्मक सुझाव और दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता आपातकालीन निकास मार्गों विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का गहन परीक्षण किया गया। साथ ही निरीक्षण में पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने के लिए संबंधित प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिए गए। फायर कर्मियों ने प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया तथा सुरक्षित निकासी प्रक्रिया के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देकर जागरूक किया। फायर सर्विस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा समय-समय पर विभिन्न संस्थानों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर अग्निसुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp