Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की तत्परता से एक बेसहारा बुजुर्ग महिला को सुरक्षित आश्रय और आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराई गई है। साथ ही पुलिस द्वारा महिला के परिजनों की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। 12 जून 2026 को एएचटीयू को सूचना मिली कि कोटद्वार क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला काफी समय से असहाय एवं अनजान अवस्था में घूम रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला लगभग एक सप्ताह से क्षेत्र में इधर-उधर रह रही थी तथा सहायता और देखभाल के अभाव में अत्यंत दयनीय स्थिति में थी। प्रारंभिक तौर पर महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही थी और अपने संबंध में स्पष्ट जानकारी देने में सक्षम नहीं थी। सूचना मिलते ही एएचटीयू टीम में तैनात महिला कांस्टेबल विद्या मेहता होमगार्ड राखी होमगार्ड वाजिद तथा कांस्टेबल सत्येंद्र लखेड़ा मौके पर पहुंचे और महिला को सुरक्षित संरक्षण में लेकर एएचटीयू कार्यालय लाए। पुलिस टीम द्वारा महिला से जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया लेकिन वह अपना नाम और कुछ सामान्य जानकारी के अतिरिक्त अपने परिवार तथा निवास स्थान के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी। महिला की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उसका तत्काल चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद महिला की सुरक्षा समुचित देखभाल भोजन आवास और आवश्यक चिकित्सकीय सहायता सुनिश्चित करने के लिए उसे करुणाधाम आश्रम में दाखिल कराया गया है जहां उसके रहने की व्यवस्था की गई है। पुलिस टीम महिला के परिजनों की पहचान और खोजबीन के लिए लगातार प्रयास कर रही है ताकि उसे सुरक्षित रूप से उसके परिवार से मिलाया जा सके। पुलिस टीम में शामिल रहे: महिला कांस्टेबल विद्या मेहता होमगार्ड राखी होमगार्ड वाजिद कांस्टेबल सत्येंद्र लखेड़ा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp